राहुल गांधी के प्रदर्शन के बीच CJP चीफ का दावा- दिल्ली आंदोलन में शामिल नहीं होने का बनाया जा रहा दबाव
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता अभिजीत दीपके ने मंगलवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पुलिस उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर रही है. उन पर 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल नहीं होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ‘योगी आदित्यनाथ 2.0’ बनने की कोशिश क्यों कर रहे हैं.
मुंबई पुलिस की कार्रवाई ‘तानाशाही’ : सीजेपी
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता ने मुंबई पुलिस की कार्रवाई को ‘तानाशाही’ बताते हुए कहा कि फडणवीस को अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए पुलिस का ‘दुरुपयोग’ नहीं करना चाहिए. महाराष्ट्र के संभाजीनगर शहर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दीपके ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर हमला बोला. कहा- ‘एक देश, एक चुनाव’ महज एक नारा है. मंशा ‘एक देश, एक राजनीतिक दल’ की है.
10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन करेगी सीजेपी
कॉजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का प्रस्ताव रखा है. ज्ञानेश कुमार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास और निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर सीजेपी के निशाने पर हैं.
ये भी पढ़ें: प्रभात खबर का सवाल : SIR राजनीतिक मुद्दा, आंदोलन में सीजेपी-GenZ और अभिनेता हैं, नेता-वोटर क्यों नहीं?
जंतर-मंतर तक यात्रा खर्च का स्रोत पूछ रही पुलिस : दीपके
उन्होंने कहा- मैंने कई बार कहा है कि महाराष्ट्र पुलिस देश की सबसे अच्छी पुलिस है. दिल्ली पुलिस को उससे सीखना चाहिए. लेकिन यह दुखद है कि चंद्रपुर पुलिस ने कॉजपा कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर उन्हें जंतर-मंतर के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने को कहा. दीपके ने दावा किया कि पुलिस ने जंतर-मंतर तक यात्रा के खर्च के स्रोत के बारे में भी पूछा.
‘दिल्ली पुलिस जैसा बर्ताव क्यों कर रही मुंबई पुलिस’
सीजेपी के नेता ने कहा- पुलिस ने (नोटिस में) यह भी कहा है कि यह आंदोलन ‘हिंसक’ होने वाला है. पुलिस को इतनी जल्दी कैसे पता चल गया कि आंदोलन हिंसक होगा? क्या उन्होंने पहले से ही कोई योजना बनायी है? उन्होंने कहा- महाराष्ट्र पुलिस अब दिल्ली पुलिस जैसा बर्ताव क्यों कर रही है? अगर चंद्रपुर से कोई व्यक्ति दिल्ली जा रहा है, तो इससे उनका क्या लेना-देना है?
ये भी पढ़ें: 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर अलग-अलग आंदोलन करेंगे AAP और CJP! इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन का सौरभ ने किया स्वागत
हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान न करें, मुझे गिरफ्तार करें : अभिजीत
कॉजपा नेता ने कहा कि फडणवीस को महाराष्ट्र की विरासत के बारे में पता होना चाहिए. उन्हें राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए महाराष्ट्र पुलिस का अनादर और दुरुपयोग नहीं करना चाहिए. हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान करने की बजाय उन्हें मुझे गिरफ्तार करना चाहिए. अगर वे चाहते हैं, तो मुझे जेल में डाल दें. मेरे खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत मामला दर्ज करें. उन्हें हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान नहीं करना चाहिए.
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे रही पुलिस : दीपके
दीपके के अनुसार, उन्होंने चंद्रपुर जिले में पुलिस द्वारा जारी किये गये 2 नोटिस देखे हैं. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में भी स्थानीय अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने मुकेश नामक व्यक्ति को इसी तरह का नोटिस जारी किया है और उसे 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.
ये भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर मुंबई में CJP का प्रदर्शन,फडणवीस बोले- 'फर्जी नैरेटिव नहीं चलेगा'
‘गांधी और आंबेडकर की बात करना पुलिस को हिंसक लगता है?’
उन्होंने पुलिस के उस निर्देश पर भी सवाल उठाये, जिसमें कॉजपा कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट नहीं करने को कहा गया था, जिनसे कथित तौर पर हिंसा भड़क सकती है. दीपके ने पूछा- हम (महात्मा) गांधी और बीआर आंबेडकर की बात करते हैं. क्या उन्हें यह हिंसक लगता है? दीपके ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में आदिवासी छात्रों के प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राहुल पवारा को भी पुलिस परेशान कर रही है. दीपके ने एक बार फिर कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद से नहीं हटाया गया, तो पूरा देश जंतर-मंतर बन जायेगा.
सीजेपी की 4 मांगें
- ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा
- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाये
- एसआईआर को रोका जाये.
- निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से की जाये.
The post राहुल गांधी के प्रदर्शन के बीच CJP चीफ का दावा- दिल्ली आंदोलन में शामिल नहीं होने का बनाया जा रहा दबाव appeared first on Prabhat Khabar.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)