बनगांव में बोले शुभेंदु अधिकारी- ‘खटमलों’ और ‘कॉकरोचों’ से सावधान रहें
पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और राजनीतिक विचारधारा पर सियासी बयानबाजी तेज हो गयी है. मंगलवार को उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में दुर्गा पूजा समारोह का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछली वामपंथी और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने लोगों से देश को अंदर से खोखला करने की कोशिश करने वाले ‘खटमलों और कॉकरोचों’ से सतर्क रहने की अपील की.
‘दिमागी नक्सलियों’ पर भी साधा निशाना
शुभेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में ‘कश्मीर की आजादी’ के नारे लगाने वालों को ‘दिमागी नक्सली’ करार देते हुए उनकी आलोचना की. उन्होंने कहा- कई ‘खटमल’ और ‘कॉकरोच’ देश को अंदर से खोखला करने की कोशिश कर रहे हैं. हमें उनके प्रति सतर्क रहना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों से भी सावधान रहने की जरूरत है, जो कश्मीर की आजादी के नारे लगाते हैं.
प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करने की अपील
अपने भाषण में बंगाल के चीफ मिनिस्टर शुभेंदु अधिकारी ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया. उन्होंने धर्म, संस्कृति और परंपरा के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत करने की भी अपील की. उनका संबोधन दुर्गा पूजा समारोह के उद्घाटन के दौरान हुआ.
सीमा सुरक्षा और CAA पर पिछली सरकारों पर आरोप
शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की पिछली वामपंथी और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध करने और सीमा सुरक्षा को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (BSF) को जमीन उपलब्ध कराने में देरी के कारण बांग्लादेश से लगी सीमा पर सुरक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की कोशिशों में बाधा आयी.
धार्मिक अल्पसंख्यकों का सहारा CAA : शुभेंदु
शुभेंदु ने CAA को बांग्लादेश में उत्पीड़न का सामना कर रहे धार्मिक अल्पसंख्यकों को शरण देने का माध्यम बताया. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने सीमा सुरक्षा को प्राथमिकता दी है. हालांकि, उनके भाषण में लगाये गये आरोपों के समर्थन में अलग से कोई दस्तावेज या आंकड़ा उपलब्ध नहीं कराया गया है.
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी ने मालदा के बाढ़ पीड़ितों को दिये 1.5 लाख रुपए, कहा- धर्मांतरण, लव जिहाद और लैंड जिहाद बर्दाश्त नहीं
12 हजार पूजा समितियों को अनुमति नहीं मिलने का दावा
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि वर्ष 2025 में, जब तृणमूल कांग्रेस सत्ता में थी, तब 12,000 दुर्गा पूजा समितियों को पूजा आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गयी थी. उन्होंने कहा कि इस साल इन समितियों को अनुमति मिल गयी है.
‘लोगों की उम्मीदें पूरी करना सरकार की प्राथमिकता’
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि लोगों ने बहुत उम्मीदों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता की बागडोर सौंपी है. उन्होंने कहा- उन उम्मीदों को पूरा करना मेरी सरकार की मुख्य प्राथमिकता होगी.
The post बनगांव में बोले शुभेंदु अधिकारी- ‘खटमलों’ और ‘कॉकरोचों’ से सावधान रहें appeared first on Prabhat Khabar.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)