‘ज्ञानेश, अब हो गया भाई… इस्तीफा दो’, मार्च के बीच राहुल गांधी का CEC पर हमला
INDIA Bloc March: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मंगलवार (6 अक्टूबर) को संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला. इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लोटफॉर्म एक्स पर CEC पर सीधा हमला करते हुए लिखा- 'ज्ञानेश, अब हो गया भाई. इस्तीफा देने का समय आ गया है... राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया जब विपक्ष SIR, मतदाता सूची और Form 6 से जुड़े सवालों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर जोरदार प्रदर्शन कर रहा है.
नीति आयोग के पास रोका गया विपक्ष
विपक्षी सांसद संसद भवन के मकर द्वार से निर्वाचन सदन की ओर बढ़े, लेकिन नीति आयोग कार्यालय के पास सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. इसके बाद कई सांसद वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. मार्च के दौरान राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी बैरिकेड पर चढ़ते नजर आए. समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क भी अपने साथियों के साथ पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए. वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया.
आकाशवाणी भवन पहुंचे राहुल-प्रियंका
पुलिस की रोक के बावजूद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और दीपेंद्र हुड्डा आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए. राहुल और प्रियंका वहां एक पेड़ के नीचे बैठ गए. इससे पहले प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के लिए बस में ले जाया गया था, लेकिन कुछ देर बाद वह बस से उतरकर राहुल गांधी के साथ आकाशवाणी भवन के गेट पर पहुंचीं.
फॉर्म 6 और SIR को लेकर विपक्ष के सवाल
INDIA ब्लॉक का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और Form 6 से जुड़े बदलावों पर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए. विपक्ष का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त को इन फैसलों की जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा था कि उसने Form 6 के किसी संशोधित संस्करण को मंजूरी नहीं दी है और रिकॉर्ड देखकर यह जांच की जाएगी कि बदलाव हुए या नहीं और उन्हें किसने मंजूरी दी.
भारी सुरक्षा के बीच निकला मार्च
मार्च से पहले संसद और चुनाव आयोग मुख्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए. विपक्षी सांसदों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव आयोग तक पहुंचना चाहते थे.
Also Read: Watch Video: राहुल-प्रियंका को हिरासत में लिया गया, बैरिकेड पर चढ़ गए थे विपक्षी नेता
The post ‘ज्ञानेश, अब हो गया भाई… इस्तीफा दो’, मार्च के बीच राहुल गांधी का CEC पर हमला appeared first on Prabhat Khabar.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)