CJP Protest: सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए घर से भागा रोहित, हिमांशु ने मम्मी-पापा को समझाया

Oct 10, 2026 - 22:05
0 0
CJP Protest: सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए घर से भागा रोहित, हिमांशु ने मम्मी-पापा को समझाया

CJP Protest Delhi: नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार (10 अक्टूबर) को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़ा आंदोलन होने जा रहा है. दिल्ली में पढ़ाई कर रहे बिहार-झारखंड के बच्चों को उनके माता-पिता इस आंदोलन में शामिल होने से रोकने की ताकीद कर रहे हैं. कुछ बच्चे तो मान गये हैं, लेकिन कुछ बच्चे इस सीजेपी के प्रोटेस्ट में शामिल होने की जिद पर अड़े हैं. ‘प्रभात खबर’ ने कुछ अभिभावकों और बच्चों से बात की. जानें क्या हैं उनके विचार.

2 दिन से घर से लापता पूर्णिया के रोहित झा

बिहार के पूर्णिया जिले के रोहित झा 2 दिन से लापता हैं. दरअसल, जुलाई में दिल्ली में जो नीट-यूजी पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन हुआ था, उसमें उन्होंने भाग लिया था. माता-पिता को पता चला, तो घर में जमकर कुटाई हुई. इस बार लगा कि घर से निकलने ही नहीं दिया जायेगा, इसलिए 2 दिन पहले से ही घर से निकल गये. अब माता-पिता परेशान हैं कि वह कहां है.

सीवान के हिमांशु ने मम्मी-पापा को मनाया

सीवान जिले के हिमांशु भी आंदोलन में शामिल होने जा रहे हैं. हालांकि, वह रोहित झा की तरह भागकर नहीं जा रहे. हिमांशु ने फोन पर ‘प्रभात खबर’ (prabhatkhabar.com) से बात की. उन्होंने कहा- बिहार के अभिभावकों का माइंडसेट तो आप जानते ही हैं. उन्हें जो मीडिया में दिखाया जाता है, वही पता होता है. हम यहां हैं, तो हमें सच पता है. इसलिए वे रोक रहे हैं. लेकिन, मैं तो आंदोलन में जाऊंगा.

यह पूछने पर कि माता-पिता को आपकी चिंता है, क्या आपको अपने मम्मी-पापा की बात नहीं सुननी चाहिए? इस पर हिमांशु कहते हैं कि अपने बेहतर भविष्य की लड़ाई हमें खुद ही लड़नी होगी. इसलिए आंदोलन में जाऊंगा. वह कहते हैं कि बेहतर कल के लिए जंग लड़नी ही होगी. जंग लड़ते रहिये, आज नहीं तो कल हम जो चाहते हैं, वो हमें मिलेगा. बेहतर शिक्षा, बेहतर समाज का निर्माण होगा.

ये भी पढ़ें: CJP Protest: 20 हजार पुलिसकर्मी, 300 CCTV कैमरे और 12 डिटेंशन सेंटर; 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले तैयार दिल्ली पुलिस

हिमांशु बोले- आंदोलन में जाने वाले 70 प्रतिशत युवाओं ने घर में नहीं बताया

रोहित की तरह हिमांशु ने भी नीट-यूजी पेपर लीक के खिलाफ सीजेपी के प्रोटेस्ट में भाग लिया था. जब हिमांशु से हमने पूछा कि आंदोलन में आपके साथ जो लोग भाग ले रहे हैं, क्या उनके माता-पिता भी उन्हें रोकते हैं. हिमांशु ने कहा- हां. उनके माता-पिता भी रोकते हैं. 70 फीसदी ऐसे युवा हैं, जिनके घर से उन्हें कहा जाता है कि ऐसे प्रदर्शनों में वे शामिल न हों. फिर भी लोग जाते हैं. हम भी जायेंगे.

रांची के राजीव रंजन को बेटे के करियर की चिंता

रांची के राजीव रंजन के बेटे दिल्ली आईआईटी में पढ़ते हैं. उन्होंने अपने बेटे का नाम बताने से मना किया. साथ ही कहा कि उन्होंने अपने बच्चे से कहा है कि वह ऐसे किसी प्रोटेस्ट में शामिल न हो, जहां पुलिस किसी तरह की सख्ती या कार्रवाई कर सकती है. राजीव रंजन कहते हैं कि आंदोलन तो नेता करते हैं, लेकिन मुकदमा बेकसूर बच्चों पर होता है. एक बार मुकदमा हो गया, तो बच्चे का करियर भी दांव पर लग जाता है. इसलिए हम नहीं चाहते कि हमारा बच्चा इस विरोध-प्रदर्शन में शामिल हो.

ये भी पढ़ें: CJP Protest: संजय निरुपम बोले- दीपके, रांका, सौरव को कानून के बर्फ की सिल्ली पर लिटाकर के डंडे से पीटना चाहिए

अशोक ने बेटे को दी प्रदर्शन से दूर रहने की हिदायत

अशोक सिंह रांची में रहते हैं. उनका बेटा दिल्ली विश्वविद्यालय में हिंदी का छात्र है. वह भी आंदोलन में जाना चाहता है. लेकिन अशोक सिंह ने साफ कह दिया है कि जब तक पढ़ाई चल रही है, तब तक किसी ऐसे आंदोलन में शामिल होने की जरूरत नहीं है, जिसमें केस-मुकदमे का डर हो. अशोक सिंह ने कहा कि राजनीतिक आंदोलनों में पुलिस की कार्रवाई में कभी नेता को कोई नुकसान नहीं होता. आम लोग ही परेशान होते हैं. बाद में उन्हें कोई पूछने तक नहीं आता. राजनीतिक पार्टियों के लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए युवाओं और विद्यार्थियों को मोहरा बनाते हैं.

सुभाष महतो बोले- बेटे को किसी मुसीबत में फंसते नहीं देख सकता

रांची में रहने वाले सुभाष महतो का बेटा सौरभ दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रहा है. सुभाष महतो ने अपने बेटे से साफ कह दिया है कि वह इस आंदोलन में तो क्या, किसी भी आंदोलन या धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की जरूरत नहीं है. वह कहते हैं कि उनकी तरह हर अभिभावक यही चाहता है कि उनके बच्चे का भविष्य सुरक्षित हो. उन पर कभी कोई मुसीबत न आये, उन्हें कभी कोई परेशानी न हो.

ये भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट से पहले सरकार अलर्ट, करोल बाग, राजीव चौक समेत 57 मेट्रो स्टेशन शुक्रवार रात 9 बजे से होंगे बंद!

जंतर-मंतर पर टकराव हुआ, तो पुलिस करेगी सख्ती : महतो

सुभाष महतो यह भी कहते हैं कि जंतर-मंतर पर जो माहौल है, उससे स्पष्ट है कि पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव होगा. पुलिस सख्ती किये बगैर नहीं रहेगी. लाठी चली या आंसू गैस के गोले दागे गये, पानी की बौछार की गयी, तो उसमें कोई निर्दोष बच जायेगा और दोषी ही फंसेगा, यह कैसे सुनिश्चित होगा?

The post CJP Protest: सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए घर से भागा रोहित, हिमांशु ने मम्मी-पापा को समझाया appeared first on Prabhat Khabar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User