कॉकरोच ही होंगे जो ऐसा करते हैं, CJP के प्रदर्शन से विमान यात्री हुआ नाराज, कहा- ‘क्या हर जगह लोगों को परेशान करेंगे?’
CJP Protest Reaction: पश्चिम बंगाल समेत देश के अलग-अलग राज्यों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत मतदाता सूची से मतदाताओं के नाम हटाये जाने के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party - CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ फ्लाइट में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति की प्रतिक्रिया सामने आयी है. उन्होंने कहा कि कॉकरोच ही होंगे, जो ऐसा कर रहे हैं. मुंबई से दिल्ली आने वाले विमान के इस यात्री ने दावा किया है कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद भी यात्रियों को इंतजार करना पड़ा. विमान के अगले हिस्से से ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाये गये. यात्री ने प्रदर्शन के तरीके पर सवाल उठाये. पूछा कि कुछ लोगों के विरोध के कारण आम यात्रियों को असुविधा क्यों होनी चाहिए. समाचार लिखे जाने तक यात्री के नाम का पता नहीं चल पाया है.
विमान उतरने के बाद भी करना पड़ा इंतजार
समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया है, जिसमें एक यात्री ने कहा कि वह मुंबई से दिल्ली की यात्रा कर रहे थे. विमान के उतरने के बाद भी यात्रियों को विमान में काफी देर तक इंतजार करना पड़ा. इसी दौरान विमान के आगे की ओर से ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे आ रहे थे. यात्री ने कहा कि वह अभिजीत दीपके को नहीं जानते.
ये भी पढ़ें: CJP Protest Latest Live Updates Hindi : आकाशवाणी भवन के पास पत्थरबाजी, 2 पुलिसवाले घायल, बढ़ाई गई सुरक्षा
‘कुछ लोगों के कारण आम जनता परेशान क्यों हो?’
इस यात्री ने विरोध-प्रदर्शन के तरीके पर नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि क्या प्रदर्शनकारी हर जगह लोगों को असुविधा में डालेंगे. उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची से किसी का नाम गलत तरीके से हटाया गया है, तो इस मामले को सुप्रीम कोर्ट देखेगा. यात्री ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों के लिए न्यायिक व्यवस्था है. उसी के तहत समाधान तलाशना चाहिए.
SIR विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की भूमिका का दिया हवाला
यात्री ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि मतदाता सूची से नाम गलत तरीके से हटाये जाने की शिकायतों की जांच सुप्रीम कोर्ट कर रहा है. उसने पूछा कि जब न्यायिक व्यवस्था है, तो उसके काम करने के दौरान आम लोगों को परेशान करने वाले विरोध का क्या औचित्य है. अगर सब कुछ प्रदर्शन से ही हो जायेगा, तो सुप्रीम कोर्ट की क्या जरूरत है?
ये भी पढ़ें: CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली से आयी खबर- बंगाल की वोटर लिस्ट पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई 16 को
36 दिन के प्रदर्शन का भी किया जिक्र
यात्री ने दावा किया कि यही लोग इससे पहले 36 दिनों तक विरोध कर चुके हैं. क्या विरोध-प्रदर्शन के कारण हर जगह आम लोगों को परेशानी उठानी चाहिए.
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन कर रही सीजेपी
कॉकरोच जनता पार्टी ने एसआईआर में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. सीजेपी की मांग है कि ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया जाये और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाये. इतना ही नहीं, सीजेपी ने एसआईआर के बाद जितने भी चुनाव देश में हुए हैं, सभी चुनावों को रद्द करने की भी मांग की है. इन्हीं मांगों के समर्थन में मुंबई में ‘जेल भरो आंदोलन’ के बाद शनिवार (10 अक्टूबर) को उन्होंने ‘दिल्ली प्रदर्शन 2.0’ आंदोलन का आह्वान किया था. इसी आंदोलन में शामिल होने के लिए दीपके अपने दो अन्य साथियों रांका और सौरव दास के साथ मुंबई से दिल्ली आ रहे थे. इसी दौरान फ्लाइट में इन तीनों को हिरासत में ले लिया गया. इससे पहले फ्लाइट में दीपके के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की.
The post कॉकरोच ही होंगे जो ऐसा करते हैं, CJP के प्रदर्शन से विमान यात्री हुआ नाराज, कहा- ‘क्या हर जगह लोगों को परेशान करेंगे?’ appeared first on Prabhat Khabar.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)