इंडिया गठबंधन का आज चुनाव आयोग तक मार्च, खरगे-राहुल गांधी भी होंगे शामिल, दिल्ली में सुरक्षा कड़ी
INDIA Bloc Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है. INDIA ब्लॉक के नेता और सांसद मंगलवार (6 अक्टूबर) को संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन तक मार्च करेंगे. विपक्ष का आरोप है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया और मतदाता सूची में कई तरह की गड़बड़ियां हुई हैं. इसी को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है. प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली में संसद मार्ग, चुनाव आयोग कार्यालय और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
संसद के मकर द्वार पर जुटेंगे विपक्षी सांसद
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने बताया कि आज यानी 6 अक्टूर को सभी विपक्षी दलों के सांसद सुबह करीब साढ़े 10 बजे संसद के मकर द्वार पर जुटेंगे. इसके बाद सुबह 11 बजे संसद भवन से चुनाव आयोग तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा. उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कथित वोट चोरी और CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर किया जा रहा है. जयराम रमेश ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों और प्रभारियों की बैठक भी हुई थी. विपक्ष ने इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन की योजना बनाई है.
8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर पदयात्रा
INDIA ब्लॉक की ओर से 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर पदयात्रा, प्रदर्शन और बैठकों का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद 10 से 20 अक्टूबर के बीच ब्लॉक स्तर पर बैठकें होंगी. 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत राज्य और जिला स्तर पर रैलियां और गांवों में चौपाल आयोजित करने की योजना है. विपक्ष का कहना है कि अभियान के दौरान उन मतदाताओं से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी, जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं.
सुप्रीम कोर्ट में भी पहुंचा मामला
इस बीच SIR और चुनाव आयोग से जुड़े विवाद का मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच चुका है. कोर्ट ने सोमवार को साफ किया कि उसने फॉर्म 6 के किसी संशोधित स्वरूप को मंजूरी नहीं दी है. कोर्ट ने CEC ज्ञानेश कुमार को निलंबित करने की मांग पर तत्काल एकतरफा अंतरिम आदेश देने से भी इनकार कर दिया और केंद्र, चुनाव आयोग, ज्ञानेश कुमार समेत संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि SIR से जुड़े 14 अहम फैसले चुनाव आयोग के नाम पर लिए गए, जबकि अन्य चुनाव आयुक्तों की ओर से कथित तौर पर आपत्तियां दर्ज की गई थीं.
इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का दावा
इससे पहले INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग के खिलाफ देशभर में विरोध कार्यक्रमों का ऐलान किया था. ममता बनर्जी भी कह चुकी हैं कि CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक विपक्ष का विरोध जारी रहेगा.
Also Read: आंदोलनों की आग से निकले इन 8 नेताओं को जानें, किसी ने संभाली सत्ता तो कोई रह गया संघर्ष की राह पर
The post इंडिया गठबंधन का आज चुनाव आयोग तक मार्च, खरगे-राहुल गांधी भी होंगे शामिल, दिल्ली में सुरक्षा कड़ी appeared first on Prabhat Khabar.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)