बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट ने घर में घुसकर बुजुर्ग डॉक्टर संग की मारपीट, हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज

Oct 04, 2026 - 12:01
0 0
बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट ने घर में घुसकर बुजुर्ग डॉक्टर संग की मारपीट, हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज

रियलिटी शो 'बिग बॉस मराठी सीजन 6' की पूर्व कंटेस्टेंट दिव्या शिंदे एक गंभीर आपराधिक मामले में घिर गई हैं। पुणे पुलिस ने दिव्या शिंदे और उनके साथियों के खिलाफ एक सेवानिवृत्त डॉक्टर के घर में जबरन घुसकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट करने, रंगदारी मांगने और गाड़ी लूटने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

 

यह घटना पुणे के कालेपडळ पुलिस थाना क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता डॉ. विद्याधर गायकवाड़ (65), जो पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी रह चुके हैं, ने पुलिस में दिव्या शिंदे और उनके सहयोगियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है।

 

डॉ. गायकवाड़ के अनुसार, पूरा विवाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार को लेकर शुरू हुआ। दिव्या शिंदे और उनके साथियों ने कार्यक्रम के प्रमोशन के नाम पर डॉक्टर से 5 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम की मांग शुरू की थी। अगस्त महीने से ही लगातार फोन कॉल के जरिए यह रकम ऐंठने का दबाव बनाया जा रहा था।


ALSO READ: ‘हनुमान अंश’ ने रचा इतिहास, 400 करोड़ के पार पहुंची कमाई, 8वें हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर जलवा
 

होटल में बुलाकर दी गई थी धमकी

एफआईआर के अनुसार, 17 सितंबर को दिव्या शिंदे कुछ लोगों के साथ डॉक्टर के घर पहुंची थीं और पैसों की मांग की थी। इसके बाद 23 सितंबर को डॉ. गायकवाड़ को पुणे के एक होटल में बुलाया गया, जहां उनसे फिर से 5 लाख रुपये देने को कहा गया। जब डॉक्टर ने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उन्हें घर में गुंडे भेजकर पिटवाने और अंजाम भुगतने की धमकी दी।

 

धमकी के अगले ही दिन यानी 24 सितंबर की रात, दिव्या शिंदे अपने 8 से 10 साथियों के साथ जबरन डॉ. गायकवाड़ के न्याती हाइलैंड्स स्थित घर में घुस आईं। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने डॉक्टर के साथ हिंसक मारपीट शुरू कर दी।

 

डॉ. गायकवाड़ ने पुलिस को बताया कि वे पैरालिसिस के मरीज हैं। उन्होंने हमलावरों के आगे हाथ जोड़े और बीमारी का हवाला देते हुए बख्श देने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटा और लकड़ी के डंडों, बेल्ट तथा लोहे के बर्तनों से उन पर हमला कर दिया।

 

घर में तोड़फोड़ के बाद कार लेकर हुए फरार

डॉक्टर को लहूलुहान करने के बाद आरोपियों ने घर में रखे सामान की तोड़फोड़ की और काफी हंगामा मचाया। जब वे 5 लाख रुपये ऐंठने में नाकाम रहे, तो जाते-जाते पीड़ित डॉक्टर की कार छीनकर मौके से फरार हो गए। इस जानलेवा हमले में डॉ. गायकवाड़ के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर कई टांके लगाने पड़े हैं। उनके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोट के निशान हैं।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद कालेपडळ पुलिस स्टेशन में दिव्या शिंदे, उनके मुख्य सहयोगी अन्ना धामधरे और 7 से 8 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और आपराधिक धमकी जैसी सख्त धाराएं जोड़ी हैं। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User