PoK में पाकिस्तान के खिलाफ फिर भड़का आंदोलन, JAAC ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान
पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoK) में सरकार और ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के बीच टकराव लगातार गहराता जा रहा है. लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर जारी गतिरोध के बीच JAAC ने अब पूरे क्षेत्र में अनिश्चितकालीन शटडाउन और चक्का जाम का आह्वान किया है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, समिति ने व्यापारियों से बाजार बंद रखने और आम लोगों से परिवहन सेवाएं रोकने की अपील की है.
चार महीने से बातचीत का इंतजार, शरीफ सरकार पर गंभीर आरोप
JAAC के कोर सदस्य उमर नजीर कश्मीरी ने आरोप लगाया कि सरकार पिछले करीब चार महीनों से आंदोलनकारियों के साथ गंभीर बातचीत नहीं कर रही है. उनके मुताबिक, बार-बार आश्वासन दिए गए, लेकिन कोई ठोस बैठक या प्रभावी सरकारी समिति गठित नहीं की गयी. उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की मांगों( दाल, आटा और बिजली जैसी मूलभूत आवश्यक चीजों की महंगाई घटाई जाए) को लगातार टालने की कोशिश की जाती रही.
सरकार बनी नहीं, लेकिन प्रधानमंत्री बना दिया गया
कश्मीरी ने क्षेत्र में राजनीतिक नेतृत्व के गठन को लेकर भी सवाल उठाये. उनका आरोप है कि चुनाव नहीं कराये गये और जनता का वास्तविक जनादेश सामने नहीं आ सका. इसके बावजूद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जैसे पदों पर नियुक्तियां की गयीं. JAAC नेता ने मौजूदा सरकार को लेकर भी तीखी नाराजगी जताते हुए इसे जनता के जनादेश से दूर बताया.
प्रदर्शन के दौरान हिंसा का दावा, कई युवाओं के घायल होने का आरोप
तनाव के बीच अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच झड़प की खबरों ने स्थिति और गंभीर कर दी है. JAAC ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया गया, जिसमें कई लोग घायल हुए. समिति ने कुछ घटनाओं में मौत होने का भी दावा किया है.
डडयाल और पनजरी में तनाव का जिक्र
उमर नजीर कश्मीरी ने डडयाल में एक धरने के दौरान कथित बल प्रयोग का उल्लेख किया. उन्होंने एक युवक की मौत का दावा करते हुए इसे अधिकारियों की कथित हिंसा का परिणाम बताया. उन्होंने पनजरी में भी युवाओं के घायल होने का दावा किया. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है.
बाजार और परिवहन बंद कराने की तैयारी
अनिश्चितकालीन आंदोलन के तहत JAAC ने व्यापारियों से दुकानें और बाजार बंद रखने की अपील की है. साथ ही परिवहन सेवाएं रोककर चक्का जाम को प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया है. इससे क्षेत्र में जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियों पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है.
अब आर-पार के मूड में JAAC
समिति का कहना है कि जब तक उसकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा. अनिश्चितकालीन बंद के ऐलान के बाद अब प्रशासन पर बातचीत शुरू करने और गतिरोध खत्म करने का दबाव बढ़ गया है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरकार आंदोलनकारियों से संवाद का रास्ता अपनाती है या टकराव और लंबा खिंचता है.
चार महीने का गतिरोध बना बड़ी चुनौती
JAAC और प्रशासन के बीच लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध अब सड़कों से बाजारों तक पहुंच गया है. बंद और चक्का जाम के आह्वान के बाद PoK में राजनीतिक और सार्वजनिक असंतोष और तेज होने के संकेत हैं. आने वाले दिनों में प्रशासन की प्रतिक्रिया इस पूरे घटनाक्रम की दिशा तय कर सकती है.
ये भी पढ़ें: होर्मुज में जहाज पर हमला, 11 भारतीय घायल; भारत बोला- जहाजों पर हमले तुरंत बंद हों
The post PoK में पाकिस्तान के खिलाफ फिर भड़का आंदोलन, JAAC ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान appeared first on Prabhat Khabar.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)