'रामायण' में कैकेयी बनकर छाईं लारा दत्ता, मंथरा के किरदार में शीबा चड्ढा का दिखा रहस्मयी अंदाज, फर्स्ट लुक आया सामने

Oct 10, 2026 - 22:05
0 0
'रामायण' में कैकेयी बनकर छाईं लारा दत्ता, मंथरा के किरदार में शीबा चड्ढा का दिखा रहस्मयी अंदाज, फर्स्ट लुक आया सामने

नीतेश तिवारी की महत्वाकांक्षी फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों का उत्साह हर बीतते दिन के साथ चरम पर पहुंच रहा है। इस बहुप्रतीक्षित दो-भागों वाली महाकाव्य फिल्म के निर्माताओं ने नए किरदारों से पर्दा उठाकर सोशल मीडिया पर हलचल तेज कर दी है। 

 

फिल्म के ताजा पोस्टर्स में बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता को रानी कैकेयी और दिग्गज अभिनेत्री शीबा चड्ढा को मंथरा के रूप में पेश किया गया है। ये नए पोस्टर्स कहानी के उस सबसे बड़े मोड़ की ओर इशारा करते हैं, जहां से अयोध्या का इतिहास और प्रभु श्री राम की नियति हमेशा-हमेशा के लिए बदल गई थी।

 

कैकेयी का राजसी अंदाज और मंथरा की कूटनीति

सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्टर्स में लारा दत्ता का अवतार बेहद राजसी और प्रभावशाली नजर आ रहा है। पारंपरिक आभूषणों और भव्य परिधान में सजी लारा दत्ता 'रानी कैकेयी' के रूप में अयोध्या की महारानी की गरिमा को बखूबी दर्शा रही हैं। पौराणिक संदर्भों के अनुसार, कैकेयी के वे दो वरदान ही थे जिन्होंने राजा दशरथ के वचनबद्ध प्रेम को चुनौती दी और श्री राम के 14 वर्षों के वनवास का मार्ग प्रशस्त किया।

 

दूसरी ओर, शीबा चड्ढा का 'मंथरा' लुक काफी अलग और रहस्यमयी है। हाथ में छड़ी थामे शीबा चड्ढा का यह अवतार उस कुटिल बुद्धि की याद दिलाता है, जिसकी फुसफुसाहट ने एक माँ के वात्सल्य को राज्य के सबसे बड़े संकट में बदल दिया था। निर्माताओं ने पोस्टर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "एक महारानी। एक माँ। दो वरदान जो एक पिता के प्रेम को छलावा देंगे और राम की नियति को हमेशा के लिए बदल देंगे... लारा दत्ता रानी कैकेयी के रूप में और शीबा चड्ढा मंथरा के रूप में।"

 

अरुण गोविल की वापसी और सितारों से सजा स्टार कास्ट

इससे पहले मेकर्स ने अरुण गोविल का फर्स्ट लुक जारी किया था, जो इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। रामानंद सागर की कालजयी टीवी सीरियल 'रामायण' में प्रभु राम का किरदार निभाकर घर-घर में पूजनीय बने अरुण गोविल का पुनः इस पौराणिक दुनिया में लौटना प्रशंसकों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है।

 

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में नजर आने वाले हैं। 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली के मौके पर 5 नवंबर 2026 को रिलीज हो रहा है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User