10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर अलग-अलग आंदोलन करेंगे AAP और CJP! इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन का सौरभ ने किया स्वागत

Oct 06, 2026 - 10:10
0 0
10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर अलग-अलग आंदोलन करेंगे AAP और CJP! इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन का सौरभ ने किया स्वागत

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाये जाने के विरोध में और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर देश भर में आंदोलन शुरू हो गये हैं. आम आदमी पार्टी (AAP) और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने इसी मुद्दे पर 10 अक्टूबर को अलग-अलग आंदोलन का ऐलान किया है. दोनों का आंदोलन दिल्ली के जंतर मंतर पर होगा.

इंडिया गठबंधन के विरोध-प्रदर्शन का सीजेपी ने किया स्वागत

सीजेपी ने ‘इंडिया’ गठबंधन के मंगलवार के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन का स्वागत किया. कहा कि 10 अक्टूबर को सीजेपी के प्रदर्शन को किसी खास संगठन की पहल की बजाय युवाओं के एक व्यापक आह्वान के तौर पर देखा जाना चाहिए. सीजेपी के सह-संयोजक सौरभ दास ने कहा- सभी लोगों, राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों और कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के जरिए अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए.

‘युवाओं और जेन-जी के आंदोलन का हिस्सा हैं हम’

सीजेपी के 10 अक्टूबर के प्रदर्शन की योजना पर सौरभ दास ने कहा- आपको 10 अक्टूबर को विरोध-प्रदर्शन के आह्वान को हमारा या किसी और का आह्वान नहीं समझना चाहिए. यह युवाओं और जेन-जी का आह्वान है. हम उसका एक हिस्सा हैं. दास का बयान उस ऑनलाइन बहस के बाद आया है, जो एक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण शुरू हुई थी. इसमें सीजेपी के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके की तुलना ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा से की गयी थी.

ये भी पढ़ें: जंतर मंतर पर NSUI का विरोध प्रदर्शन, CISF जवान पर जानलेवा हमला

सौरभ दास को आशंका- गिरफ्तार किये जा सकते हैं सीजेपी के नेता

सौरभ दास ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि सीजेपी को शासन के भीतर मौजूद ‘शुभचिंतकों’ से जानकारी मिली है कि 10 अक्टूबर के विरोध-प्रदर्शन से पहले उसके नेताओं को गिरफ्तार किया जा सकता है.

‘आप’ ने जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन की घोषणा की

आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया जायेगा. उन्होंने प्रदर्शन का समर्थन करने वाले संगठनों से कहा कि वे दूसरी और तीसरी पंक्ति का नेतृत्व और संचार रणनीति तैयार रखें, ताकि अगर उनके नेताओं को हिरासत में लिया जाता है, तो भी आंदोलन जारी रहे.

ये भी पढ़ें: 12 साल के 12 बड़े आंदोलन : किसानों-पहलवानों के प्रोटेस्ट से NEET पेपर लीक और SIR तक

हमारे नेता को किया जा सकता है गिरफ्तार

सौरभ भारद्वाज ने आशंका जतायी कि प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से एक दिन पहले जिला और विधानसभा स्तर के नेताओं को भी हिरासत में लिया जा सकता है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा- विरोध-प्रदर्शन से पहले नेताओं और आयोजकों को झूठे मामलों में गिरफ्तार किया जा सकता है. उन्होंने राजनीतिक दलों और संगठनों से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि अगर उनके वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में भी ले लिया जाए, तो भी विरोध-प्रदर्शन जारी रहे.

यह 140 करोड़ भारतीयों का विरोध

‘आप’ के नेता ने कहा- यह विरोध किसी भी नेता, राजनीतिक दल या संगठन से बड़ा है. यह 140 करोड़ भारतीयों का विरोध है. भारद्वाज ने कहा- जब प्रदर्शन स्थल पर कोई नेता मौजूद होता है, तो वह पुलिस और अधिकारियों से बात करता है और विरोध को शांतिपूर्ण बनाये रखता है. लेकिन नेता की मौजूदगी के बिना प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाये रखना मुश्किल हो जाता है.

ये भी पढ़ें: Video : जंतर-मंतर पर NSUI का प्रदर्शन, ‘जिंदा लाश’ बनकर पहुंचे कार्यकर्ता, पुलिस से झड़प का वीडियो वायरल

4 दिन से जारी है विरोध प्रदर्शन

‘आप’ और आइसा, एनएसयूआई तथा आईवीसी जैसे छात्र संगठनों ने मतदाता सूचियों की एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और लोगों के मतदान के अधिकार को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को विरोध-प्रदर्शन किये.

सौरभ ने ‘नायक पूजा’ के प्रति किया आगाह

सौरभ भारद्वाज ने आंदोलन से पहले ‘नायक पूजा’ के प्रति आगाह किया. इस घटनाक्रम से सीजेपी और कांग्रेस के कुछ वर्गों के बीच दबे हुए मतभेद खुलकर सामने आ गये. कांग्रेस का एक वर्ग सीजेपी के उभरने की वजह से सतर्क है, क्योंकि इसके कई प्रमुख चेहरों की पृष्ठभूमि आम आदमी पार्टी की है. आम आदमी पार्टी ने सीजेपी के हाल के प्रदर्शनों का समर्थन किया है.

The post 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर अलग-अलग आंदोलन करेंगे AAP और CJP! इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन का सौरभ ने किया स्वागत appeared first on Prabhat Khabar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User