कांगो नदी में दो नावों की भीषण टक्कर में 30 लोगों की मौत, दर्जनों लापता
अफ्रीकी देश कांगो में 4 अक्टूबर की रात दो नावों के टकराने से हादसा हुआ. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को हादसे की जानकारी दी.
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई दोनों नावें अलग-अलग दिशाओं में जा रही थीं. एक नाव उत्तर-पश्चिमी इलाके उबांगी से राजधानी किंशासा की ओर आ रही थी, जबकि दूसरी नाव किंशासा से लुकोलेला की तरफ जा रही थी. इसी दौरान दोनों के बीच टक्कर हो गई. हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
टक्कर के बाद पानी में समा गई नाव
कांगो के प्रांतीय आंतरिक मंत्री क्रिस्पिन म्पुतु के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले 30 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं और उनका अंतिम संस्कार भी किया जा चुका है. एक सुरक्षा अधिकारी ने दावा किया कि उबांगी से लौट रही नाव सामान से काफी लदी हुई थी. टक्कर के बाद नाव तेजी से नदी में डूब गई और कई यात्री पानी के भीतर फंस गए.
लापता लोगों की तलाश में जुटी टीमें
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. राहत टीमें लापता यात्रियों और संभावित जीवित बचे लोगों की तलाश कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में कुल हताहतों की सही संख्या सामने आ सकेगी.
रात में नाव चलाना भी बना बड़ी चुनौती
प्रांतीय आंतरिक मंत्री ने कहा कि कांगो नदी में रात के समय नावों का संचालन पहले भी कई हादसों की वजह बन चुका है. इसके अलावा नावों में क्षमता से अधिक यात्रियों और सामान को ले जाना, सुरक्षा मानकों की कमी और दूरदराज इलाकों में कमजोर बुनियादी ढांचा भी ऐसे हादसों का जोखिम बढ़ाता है.
कांगो में लगातार सामने आ रहे नाव हादसे
कांगो में नदियां और झीलें लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन हैं. ऐसे में नाव हादसों की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं. अधिकारियों और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, ओवरलोडिंग और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं होने से कई बार हादसे जानलेवा साबित होते हैं. कांगो नदी का यह हादसा भी इसी तरह की एक बड़ी त्रासदी के रूप में सामने आया है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में फिर सियासी बवाल: इमरान खान की रिहाई के लिए PTI का इस्लामाबाद कूच - KP में इमरजेंसी लगाने की तैयारी
The post कांगो नदी में दो नावों की भीषण टक्कर में 30 लोगों की मौत, दर्जनों लापता appeared first on Prabhat Khabar.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)